रायगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

रायगढ़। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर तमनार क्षेत्र से रायगढ़ की ओर आ रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

 

पुलिस के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महालोई निवासी पद्मलोचन राठिया (22 वर्ष), मुनावर राठिया (21 वर्ष) और ज्ञानचंद राठिया (21 वर्ष) किसी आवश्यक कार्य से रायगढ़ आ रहे थे। पालीघाट और बंगुरसिया के बीच पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

हादसा इतना भीषण था कि पद्मलोचन राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मुनावर राठिया को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ज्ञानचंद राठिया की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया है। देर शाम तक परिजन नहीं पहुंचने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सोमवार को परिजनों की उपस्थिति में पूरी की जाएगी।

 

ट्रेलर जब्त, चालक फरार

 

थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Post