Anp News Live Korba जिले में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस अवैध गतिविधि ने एक बार फिर एक युवक की जान ले ली। मड़वारानी क्षेत्र में सोन नदी से अवैध रूप से रेत लेकर लौट रहे ट्रैक्टर के पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवक सोन नदी से ट्रैक्टर में अवैध रूप से रेत भरकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जरवे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 29 वर्षीय शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया। वहीं चालक अमित कुमार सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शिवकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घायल युवकों का उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और अवैध रेत परिवहन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद कैसे जारी है रेत तस्करी?
इस घटना ने जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा नदी-नालों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद सोन नदी और आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम रेत निकासी और परिवहन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से रेत तस्करों के हौसले बुलंद हैं। अब इस हादसे के बाद जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
