11 हजार वोल्ट की लाइन के खंभे पर चढ़ा नशे में धुत व्यक्ति, घंटों चली मशक्कत के बाद उतारा गया सुरक्षित

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक व्यक्ति शराब के नशे में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के खंभे पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और किसी अनहोनी की आशंका से लोग सहम उठे।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति खंभे पर चढ़ने के बाद बिजली के तारों के बेहद करीब पहुंच गया और कुछ देर तक वहीं लटका रहा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

 

संयोगवश घटना के समय क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पहले से बाधित थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई जोखिम न लेते हुए तत्काल विद्युत उपकेंद्र भिटौली से संपर्क कर आपूर्ति बंद रखने का अनुरोध किया, ताकि बचाव कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

 

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लंबे प्रयास के बाद व्यक्ति नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ और उसे सकुशल जमीन पर उतार लिया गया। उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि खंभे पर चढ़ा व्यक्ति दीन दयाल शराब के नशे में था। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद आवश्यक पूछताछ की गई तथा बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से ऐसी खतरनाक हरकतों से बचने और नशे की हालत में जोखिमपूर्ण कार्य न करने की अपील की है।

Related Post