उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का भव्य समापन, बंधा तालाब घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

कोंडागांव, 16 नवंबर 2026। प्रकृति, स्वच्छता और अटूट लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। नगर के ऐतिहासिक बंधा तालाब घाट पर भोर से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Uploaded Image

इस अवसर पर कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा भी अपनी धर्मपत्नी श्रीमती ऋचा पंकज चंद्रा और बच्चों के साथ बंधा तालाब घाट पहुंचे। उन्होंने आम श्रद्धालुओं के बीच पूरी श्रद्धा के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। घाट पर छठी मैया के पारंपरिक लोकगीतों और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Uploaded Image

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने समस्त क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि पहले बंधा तालाब में जलकुंभी के कारण घाट की स्थिति ठीक नहीं थी। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर पालिका कर्मचारियों, पार्षदों और एल्डरमैन ने लगातार एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर तालाब और घाट की साफ-सफाई कराई। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में काफी सहूलियत मिली।

Uploaded Image

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि नक्सल मुक्त बस्तर में यह पहला छठ पर्व है, जिसे लोगों ने पूरी रात भजन-कीर्तन करते हुए निर्भीक और उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया। माताओं और बहनों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में भी पिछले छह वर्षों से छठ पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Uploaded Image

वहीं श्रीमती ऋचा पंकज चंद्रा ने छठ पर्व की चार दिवसीय परंपरा की जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रती महिलाएं पारण कर व्रत पूरा करती हैं। उन्होंने कोंडागांव में सभी के साथ मिलकर पर्व मनाने पर खुशी जाहिर की।

Uploaded Image

छठ पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने वाला महत्वपूर्ण वैदिक पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की आराधना की जाती है। यह पर्व पवित्रता, संयम, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। बंधा तालाब घाट पर नगर पालिका की स्वच्छता और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ महापर्व का समापन किया।

Related Post