केशकाल पुलिस ने 16 किलो गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को किया गिरफ्तार, 8 लाख का मादक पदार्थ जब्त

बटराली चौक NH-30 के पास बस का इंतजार कर रहे थे आरोपी, तीन बैगों में छिपाकर रखा था गांजा

 

केशकाल/कोण्डागांव, 14 नवंबर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बटराली चौक स्थित NH-30 मुख्य मार्ग के पास दो व्यक्ति गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने बैगों में मादक पदार्थ छिपाकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

 

पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (25 वर्ष), निवासी मैनपुरी और अशोक (46 वर्ष), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सिद्धार्थ सिंह के नीले रंग के पिट्ठू बैग और पान पराग के झोले से गांजे के दो पैकेट, जबकि अशोक के काले रंग के पिट्ठू बैग से गांजे का एक पैकेट बरामद हुआ। तीनों पैकेटों का कुल वजन 16 किलोग्राम पाया गया।

 

पुलिस ने गांजे की कीमत 8 लाख रुपये आंकी है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामग्री भी बरामद कर जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं केशकाल एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा सहित उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, धर्मेंद्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण जैन तथा थाना के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post