सड़क हादसे, सर्पदंश और तेंदुए का हमला… 48 घंटे में 8 लोगों की मौत से दहला कोण्डागांव

कोंडागांव, 15 अक्टूबर 2026। कोंडागांव जिले में बीते 48 घंटे के भीतर अलग-अलग हादसों और घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा जा रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं, सर्पदंश, फांसी की घटना और वन्यजीव के हमले से हुई मौतों ने जिले में चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं में डायल 112 के पायलट, सीआरपीएफ जवान और तेंदुए के हमले में घायल गर्भवती महिला की भी जान चली गई।

 

जानकारी के अनुसार, राजागांव के पास बाइक बिजली के खंभे से टकराने से डायल 112 के पायलट की मौत हो गई। दहिकोंगा में हुए सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि बनियागांव में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई। बांसकोट में सड़क दुर्घटना में घायल सीआरपीएफ जवान ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

 

इसके अलावा, निर्माणाधीन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक सुपरवाइजर की फांसी की घटना में मौत हुई। माकड़ी क्षेत्र में सर्पदंश के शिकार व्यक्ति की भी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

 

वहीं, बुधवार शाम विश्रामपुरी क्षेत्र में तेंदुए के हमले में घायल छह माह की गर्भवती रामशिला मंडावी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हुई थीं। उनके गर्भ में छह माह का बच्चा भी पल रहा था। उपचार के दौरान मां और गर्भस्थ शिशु को बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं।

 

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं में आठ लोगों की मौत और 10 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है। सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के साथ वन्यजीव हमले और अन्य घटनाओं में हुई मौतों ने जिले को झकझोर दिया है।

Related Post