रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेती का काम समाप्त कर ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमरगी डीह निवासी घसिया राम राठिया (39) अपने ट्रैक्टर चालक गुलाब राठिया के साथ खेत में कृषि कार्य करने गए थे। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के तालाब के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया।
हादसे में घसिया राम ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक गुलाब राठिया को पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर हटाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक्टर के तेज रफ्तार होने और चालक के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
