15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, कोण्डागांव जिले में बनाए गए 6 नए उपार्जन केंद्र, 55 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन

कोण्डागांव, 12 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष किसानों को सुविधा देने और उपार्जन केंद्रों में भीड़ कम करने के उद्देश्य से जिले में 6 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही अब जिले में कुल 73 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जाएगी।

 

नए उपार्जन केंद्रों में कोण्डागांव विकासखंड के चलका, माकड़ी के इंगरा और भाटगांव, फरसगांव के चिंगनार, केशकाल के सालेभाट तथा बड़ेराजपुर के बड़ागांव को शामिल किया गया है। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों में ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी और आवागमन में भी आसानी होगी।

 

इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले के 55,069 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष 53,614 किसानों का पंजीयन हुआ था। इस तरह पिछले साल की तुलना में 1,455 अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 45,280.56 हेक्टेयर है।

 

किसानों की सुविधा के लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था भी की गई है। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देश पर सभी 73 खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला प्रशासन का दावा है कि धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

Related Post