Anp News Live Korba समय भले ही बदल जाए और वर्षों का अंतराल आ जाए, लेकिन जिस संस्थान के साथ जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष जुड़े हों, उससे भावनात्मक रिश्ता हमेशा कायम रहता है। इसी आत्मीय जुड़ाव और पुरानी यादों को फिर से जीवंत करने के उद्देश्य से भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए विशेष संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया। इस अवसर पर कोलकाता, पुणे, हैदराबाद सहित देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे पूर्व कर्मचारियों ने अपने पुराने कार्यस्थल का दौरा किया और कंपनी की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीकों तथा वर्तमान उपलब्धियों को करीब से देखा।
वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी बालको ने अपने पूर्व कर्मचारियों के सम्मान और उनके साथ वर्षों पुराने संबंधों को संजोने की परंपरा के तहत यह आयोजन किया। लंबे समय बाद संयंत्र पहुंचे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह अवसर बेहद भावुक और यादगार रहा। उन्होंने उन स्थानों का भ्रमण किया, जहां उन्होंने अपने करियर के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए थे और कंपनी की शुरुआती विकास यात्रा में अपना योगदान दिया था।
आधुनिक तकनीक और विस्तारित संयंत्र देखकर हुए प्रभावित
संयंत्र भ्रमण के दौरान पूर्व कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस और पावर प्लांट सहित विभिन्न प्रमुख इकाइयों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें संयंत्र में आए तकनीकी बदलावों, आधुनिक मशीनरी, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, डिजिटलीकरण और उत्पादन क्षमता में हुई वृद्धि की जानकारी दी गई।
विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित सुरक्षा तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणालियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रभावित किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान देखे गए संयंत्र और वर्तमान स्वरूप के बीच आए बदलावों को करीब से महसूस किया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें बालको की मौजूदा उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की विकास रणनीति से भी अवगत कराया।
एक लाख टन से 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य तक पहुंचा बालको
सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री वी.के. धर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बालको के मानव संसाधन विभाग में कार्य किया था। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी का उत्पादन लगभग एक लाख टन था, जबकि आज बालको 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े बदलाव और प्रगति को देखना उनके लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कर्मचारियों के लिए चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल द्वारा हाल ही में घोषित 10 प्रतिशत ग्रांट का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। साथ ही उन्होंने संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में आए सुधारों की सराहना की।
1977 से अब तक की विकास यात्रा को देखकर अभिभूत हुए पूर्व कर्मचारी
सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1977 में बालको में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। कंपनी की विकास यात्रा के साथ उन्हें भी आगे बढ़ने और नए अवसरों पर काम करने का मौका मिला। उन्होंने विशेष रूप से रोलिंग मिल में हुए नवाचारों और नई तकनीकों को सीखने के अवसरों को याद किया।
उन्होंने कहा कि आज बालको पहले की तुलना में अधिक विकसित, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देता है। संयंत्र में सुरक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में हुए सुधार भी उल्लेखनीय हैं। वर्षों बाद अपने पुराने कार्यस्थल को इस आधुनिक स्वरूप में देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली ने भी खींचा ध्यान
सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री शरद गहरना ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1977 में जब बालको विकास के शुरुआती चरण में था, तब उन्होंने यहां काम करना शुरू किया था। आज कंपनी ने उनकी कल्पना से भी कहीं अधिक प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान कर्मचारियों को पूरी लगन और समर्पण के साथ काम करते देखकर विश्वास होता है कि बालको आने वाले समय में और नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों और चारों ओर दिखाई देने वाली हरियाली ने भी उन्हें प्रभावित किया। उन्होंने बालको प्रबंधन से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भविष्य में भी इस तरह के संयंत्र भ्रमण आयोजित किए जाते रहें।
पुराने साथियों और यादों से दोबारा जुड़ने का मिला अवसर
संयंत्र भ्रमण के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने पुराने कार्यस्थलों को देखकर कार्यकाल के दौरान बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। उनके लिए बालको केवल नौकरी करने का स्थान नहीं, बल्कि जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुराने विभागों और कार्यस्थलों को देखकर उन्हें अपने सहकर्मियों, टीम के सदस्यों और साथ बिताए वर्षों की यादें ताजा हो गईं।
वहीं, आधुनिक तकनीकों, बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाओं और संयंत्र के विस्तारित स्वरूप को देखकर उन्होंने कंपनी की प्रगति पर गर्व व्यक्त किया। सभी ने इस पहल के लिए बालको प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सेवानिवृत्त कर्मचारियों और संस्थान के बीच आत्मीय संबंधों को लंबे समय तक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विरासत का सम्मान और अनुभवों का आदान-प्रदान
बालको का यह आयोजन अतीत की सुनहरी यादों और वर्तमान की उपलब्धियों को जोड़ने वाला एक भावनात्मक अवसर साबित हुआ। विभिन्न शहरों से पहुंचे पूर्व कर्मचारियों ने न केवल अपने पुराने कार्यस्थल को दोबारा देखा, बल्कि कंपनी की बदलती कार्यसंस्कृति और विकास की दिशा को भी समझा।
बालको प्रबंधन का मानना है कि किसी भी संस्थान की वास्तविक ताकत उसकी विरासत और उससे जुड़े लोगों में निहित होती है। वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने की यह पहल कंपनी की इसी सोच को दर्शाती है। ऐसे आयोजन विभिन्न पीढ़ियों के बीच अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ संस्थान की गौरवशाली विरासत को भी सम्मान देते हैं।
