रायगढ़ इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, चार श्रमिक घायल

रायगढ़, जिले के पूंजीपथरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में गुरुवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फर्नेस में अचानक रिसाव होने के बाद हुए विस्फोट की चपेट में आकर चार श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट में नियमित उत्पादन कार्य चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस में तकनीकी खराबी के कारण रिसाव हुआ और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। हादसे में अमरेश कुमार (35), रामनाथ, उजेन्द्र तथा फिरोज गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद उद्योग प्रबंधन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

सूचना मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ स्थित अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

 

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल ने बताया कि हादसे में चार श्रमिक प्रभावित हुए हैं। सभी श्रमिक लगभग 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं, जबकि एक श्रमिक के हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है। विभागीय टीम को जांच के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उद्योगों में सुरक्षा मानकों के पालन की नियमित निगरानी की जाती है।

 

वहीं, पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल श्रमिकों की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। सभी का उपचार जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

 

प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण फर्नेस में हुआ रिसाव माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Post