ANP News दर्री डेम में युवती की लाश मिलने से सनसनी घर से लापता थी 30 वर्षीय नंदनी मेहर, पुलिस ने शुरू की जांच

Anp News live Korba दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में सोमवार को एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 30 वर्षीय नंदनी मेहर के रूप में हुई है, जो दर्री थाना के पीछे स्थित नीलगिरी सिंचाई कॉलोनी की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह पार्लर का काम सीखने जाती थी।

परिजनों के मुताबिक सुबह जब नंदनी घर में नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान आसपास के लोगों से हसदेव डेम में एक युवती का शव मिलने की जानकारी मिली। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान नंदनी मेहर के रूप में हुई।

राहगीरों द्वारा घटना की सूचना दर्री थाना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

 

Related Post