केशकाल/कोंडागांव, 04 जुलाई 2026 | जिले के केशकाल थाना क्षेत्र से 6 सितंबर 2025 को लापता हुई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी युवक ने पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर बरेली और दिल्ली में बंधक बनाकर रखा था और उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की माँ की रिपोर्ट पर केशकाल पुलिस ने अपराध क्रमांक 119/2025 दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पंकज शर्मा उम्र 25 वर्ष, निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(m), 87 और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं पीड़िता को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
