चोरी का जनरेटर और सोलर पैनल बरामद, चार गिरफ्तार

महराजगंज.बृजमनगंज। निर्माणाधीन धर्मकांटा से जनरेटर और सोलर पैनल चोरी करने के मामले में बृजमनगंज पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का जनरेटर और सोलर पैनल बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, विनोद चौधरी की तहरीर पर मुकदमा संख्या 216/2026 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने अनूप अग्रहरि उर्फ छोटू, अजय कुमार पाल, रविकान्त यादव और मिथलेश यादव उर्फ नेता को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपितों ने 31 अगस्त की रात निर्माणाधीन धर्मकांटा से सामान चोरी कर नारायणपुर-राजनगर के बीच एक सुनसान मकान में छिपाने की बात स्वीकार की। 10 सितंबर को चोरी का सामान ठिकाने लगाने की योजना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Post