Anp news live Korba जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर विभाग द्वारा हसदेव नदी सहित विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई की।
खनिज विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान हसदेव नदी में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते पाए गए 9 वाहनों को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी में फंसे हुए मिले, जबकि कुछ वाहनों को कार्रवाई की भनक लगने पर संबंधित लोग मौके पर छोड़कर फरार हो गए। नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा की मदद ली गई। इसके बाद सभी जब्त वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अभिरक्षा में रखा गया।
खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों को कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन पर विभाग की निगरानी जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना उसकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा और शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने बताया कि नियमों का उल्लंघन कर खनिजों का अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सीतामढ़ी क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत उत्खनन और परिवहन से जुड़े मामलों में विभागीय निगरानी और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
