डीजे बजाने से मना करने पर चाकू-डंडे से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Anp News Live Bilaspur जिले के कोनी थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर चाकू और डंडे से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और डंडा भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पोंसरा निवासी आयुष रजक ने 27 सितंबर को कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 26 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथियों आकाश, आशीष रजक और बोड्डा के साथ बिरकोना से माजदा वाहन में डीजे लोड कर अपने गांव लौट रहा था।

इसी दौरान जलसो के पास पिंटू वर्मा अपने साथियों के साथ मिला। आरोप है कि पूर्व रंजिश को लेकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और डीजे बजाने के लिए कहा। शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने डीजे बजाने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान पिंटू वर्मा ने धारदार चाकू से हमला किया, जबकि उसके अन्य साथियों ने डंडे और स्टिक से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा

शिकायत के आधार पर कोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश और घेराबंदी की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिंटू वर्मा (19 वर्ष) और दुर्गेश कुमार गोंड (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जलसो भूरीभाटा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से धारदार चाकू और डंडा जब्त किया गया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही भूमिका

यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में कोनी थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक राजेश धार, प्रधान आरक्षक दीवान तथा आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले और अजय सोनी की भूमिका रही।

Related Post