Anp News Live Bilaspur गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने डीजे संचालक को समझाइश देने के बावजूद आवाज कम नहीं करने पर डीजे वाहन सहित साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण जब्त कर लिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को पेट्रोलिंग के दौरान रतनपुर के नूतन चौक, बड़ी बाजार क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने डीजे संचालक को तेज ध्वनि में डीजे नहीं बजाने और न्यायालय तथा जिला दंडाधिकारी के आदेशों का पालन करने की समझाइश दी। इसके बावजूद आवाज कम नहीं किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन को थाने लाकर जब्त कर लिया।
वाहन सहित साउंड सिस्टम जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने माजदा वाहन क्रमांक CG 10 CB 8529, उसमें लगे 10 साउंड बॉक्स, 12 लाइट, 3 जनरेटर और अन्य डीजे उपकरण जब्त किए।
पुलिस ने डीजे संचालक राजेश मार्को (23 वर्ष), पिता रामनारायण मार्को, निवासी खाड़ा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक आयोजनों और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान ध्वनि संबंधी नियमों तथा प्रशासनिक आदेशों का पालन करना आवश्यक है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
