ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई, सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए वाहनों की जांच

 

Anp News Live Bilaspur  सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और वाहनों में किए जा रहे अनधिकृत बदलावों पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने दो पिकअप वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों में डीजे लोड करने के लिए दाएं-बाएं और ऊपर की ओर अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाए गए थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक अतिरिक्त एंगल लगाए जाने से वाहन की संरचना और आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

दो वाहनों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार हाईवे रोड बिल्हा पर पेट्रोलिंग के दौरान रोहित साहू, निवासी खरकेना, थाना हिर्री, के माजदा वाहन क्रमांक CG10AF 5072 की जांच की गई। वाहन में डीजे लोड करने के लिए अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाए गए थे।

इसी तरह बिल्हा मेन रोड पर चैनदास मानिकपुरी, निवासी बिल्हा, के माजदा वाहन क्रमांक CG10CE 3303 में भी वाहन के दाएं, बाएं और ऊपर की ओर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगे पाए गए।

पुलिस ने दोनों मामलों में मौके पर पंचनामा तैयार किया और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130(3)/177 एवं 194(1)(ए) के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार बिलासपुर के उमनि एवं वपुअ रजनेश सिंह (भापुसे) ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों में अतिरिक्त एंगल लगाए जाने की गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि वाहनों में इस तरह के अनधिकृत बदलाव और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक 786 अनिल बंजारे, आरक्षक 1431 अर्जुन जांगड़े और आरक्षक 1390 संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा।

पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरणों में संबंधित वाहन चालकों/वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

Related Post