फरसगांव/कोण्डागांव, 12 नवंबर 2026। थाना फरसगांव पुलिस ने क्षेत्र के दो प्रमुख मंदिरों में हुई दानपेटी चोरी की घटनाओं का गुरुवार को खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दानपेटी, नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जगदेव मरकाम (उम्र 27 वर्ष, निवासी छिंदली) ने 8 अक्टूबर 2026 को थाना फरसगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 7 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वे गायत्री मंदिर के चैनल गेट में ताला लगाकर पास के हॉल में सो गए थे। 8 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे जब वे पूजा करने पहुंचे, तो गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी दानपेटी गायब थी, जिसमें लगभग 40,000 रुपये थे।
इसी दौरान पता चला कि फरसगांव स्थित हनुमान मंदिर में भी चोरी हुई है। वहां चोर ने चैनल गेट सरकाकर अंदर प्रवेश किया और दानपेटी का ताला तोड़कर करीब 3,000 रुपये नकद पार कर दिए थे। इस तरह दोनों मंदिरों से कुल 43,000 रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध आरोपी हरेन्द्र गुप्ता (पिता दिनेश गुप्ता, उम्र 21 वर्ष, निवासी नहर पारा, कोण्डागांव) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वारदात का तरीका और बरामदगी
आरोपी ने बताया कि 8 अक्टूबर की रात 1 से 2 बजे के बीच उसने पहले गायत्री शक्तिपीठ मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी चुराई और फरसगांव स्टेडियम ग्राउंड के पास ले जाकर पैसे निकालने के बाद खाली पेटी को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद उसने हनुमान मंदिर से भी पैसे चोरी किए। आरोपी दोबारा चोरी करने की नीयत से फरसगांव आया था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर स्टेडियम ग्राउंड से शक्तिपीठ मंदिर की दानपेटी, चोरी में प्रयुक्त एक लोहे का रॉड, एक आरी ब्लेड, 500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन (कीमत करीब 10,000 रुपये) बरामद कर जब्त किया है। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को 12 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संदीप सिंह, सउनि भोजराज भास्कर, प्रधान आरक्षक गोविंद सोम, आरक्षक अर्जुन बघेल और मनोज वट्टी की उल्लेखनीय भूमिका रही।
