Anp news live Janjgir Champa जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शिवरीनारायण वृत्त के अंतर्गत ग्राम नेंगूरडीह में छापेमारी कर एक रिहायशी मकान से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल दाखिल किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 5 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम नेंगूरडीह में कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम नेंगूरडीह निवासी लाकेश यादव (38 वर्ष), पिता महेतरु यादव के रिहायशी मकान की गवाहों की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मकान से 7 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसके बाद आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया।
आबकारी टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक यीवरेश कुमार के साथ मुख्य आरक्षक राजेश पांडेय तथा आरक्षक रिकेश गुप्ता और शीतला कौशिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।
