Anp News Live Korba जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर विभाग द्वारा अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतों के आधार पर खनिज उड़नदस्ता दल ने दबिश दी।
शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे खनिज विभाग की टीम सीतामढ़ी क्षेत्र पहुंची। जांच के दौरान हसदेव नदी में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते पाए गए 9 वाहनों को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी के भीतर फंसे हुए थे। वहीं, कुछ वाहन मौके पर ही छोड़कर संबंधित लोग वहां से फरार हो गए। नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा की सहायता ली गई, जिसके बाद जब्त वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कोतवाली और खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में वाहन
खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा पर जोर
खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सीतामढ़ी में हुई कार्रवाई को जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए चल रही विभागीय निगरानी का हिस्सा बताया गया है।
