अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी पर कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी पकड़े गए

कोण्डागांव, 19 अगस्त 2026। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोण्डागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5.980 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 59,800 रुपये बताई गई है।

 

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड, चिखलपुटी में तीन व्यक्ति पिठ्ठू एवं हाथ बैग में गांजा लेकर रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीन पैकेटों में कुल 5.980 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

 

पकड़े गए आरोपियों में अनिता पवार (38), शिव पवार (21), दोनों निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश, तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। मामले में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

 

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा, एसडीओपी रूपेश कुमार, साइबर सेल नोडल डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Post