ANP News बर्थडे पार्टी के बाद खूनी विवाद: युवक को बोलेरो से कुचलने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Anp News live korba उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिजॉर्ट के बाहर हुए चर्चित हत्या मामले में कोरबा पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो कैंपर भी जब्त कर ली है। मामले में थाना उरगा में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया।

रिजॉर्ट से बाहर निकलने के बाद सड़क पर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल उज्ज्वल को उसके साथियों ने तत्काल जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

Related Post