संकुल केंद्र कमेला में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

कोण्डागांव, 3 जुलाई 2026 | संकुल केंद्र कमेला में शुक्रवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव 2026 हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा से हुआ। ग्राम सरपंच कामदेव कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।

Uploaded Image

इस अवसर पर कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और मिठाई देकर विद्यालय में स्वागत किया गया। संकुल प्राचार्य तिलक राम मंडावी एवं संकुल समन्वयक गौतम राम पाण्डेय ने विद्यार्थियों और पालकों को शासन की शिक्षा संबंधी योजनाओं की जानकारी देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने का संदेश दिया।

Uploaded Image

कार्यक्रम में कक्षा 5वीं, 8वीं एवं 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सरपंच कामदेव कश्यप ने कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹10 हजार, प्राचार्य तिलक राम मंडावी ने ₹10 हजार तथा शिक्षक वीरेंद्र कुमार ठाकुर ने ₹5 हजार प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस वर्ष कक्षा 10वीं की छात्रा कु. तमेश्वरी पाण्डेय ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जिन्हें स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को ₹25 हजार की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

Uploaded Image

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण किया। समारोह में संकुल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Post