टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ की जिला कार्यकारिणी गठित, भागीरथी कैवर्त बने जिलाध्यक्ष

Uploaded Imageपेंड्रा से दयाराम भानू, गौरेला से लक्ष्मी यादव और मरवाही से अमित राय को मिली ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी

पदोन्नति में TET की अनिवार्यता लागू कराने की मांग को लेकर संगठन ने तेज किया संघर्ष का ऐला

GPM | 19 सितंबर 2026/अवास कैवर्त 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ की जिलास्तरीय बैठक शनिवार को राठौर क्षत्रिय समाज भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर से पहुंचे टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की मौजूदगी में संघ की जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। इस दौरान भागीरथी कैवर्त को संघ का जिलाध्यक्ष चुना गया।

बैठक में संगठन को मजबूत करने और टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों के हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकारिणी के गठन के दौरान दयाराम भानू को पेंड्रा ब्लॉक अध्यक्ष, श्रीमती लक्ष्मी यादव को गौरेला ब्लॉक अध्यक्ष तथा अमित राय को मरवाही ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पदोन्नति में TET की अनिवार्यता लागू कराने की मांग

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष भागीरथी कैवर्त ने कहा कि टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ प्रदेशभर के शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करने तथा उनके अधिकारों की प्राप्ति के लिए संघर्ष करने के उद्देश्य से गठित किया गया है।

उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांग राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के प्रावधानों एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पदोन्नति में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता लागू कराना है। संघ का कहना है कि इससे शिक्षक पात्रता और गुणवत्ता से जुड़े मानकों को मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

जिला कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के रूप में भागीरथी कैवर्त—जिलाध्यक्ष, राम सिंह यादव—जिला उपाध्यक्ष, हेमन्त कुमार राठौर—जिला सचिव तथा लेखा सिंह पेन्द्रो—जिला कोषाध्यक्ष बनाए गए।

वहीं ब्लॉक स्तर पर गौरेला से श्रीमती लक्ष्मी यादव, पेंड्रा से दयाराम भानू और मरवाही से अमित राय को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

इस अवसर पर उमेश कुशवाहा, ओमकुमारी पोट्टाम, चुन्नीलाल रघुवंश, देवेन्द्र प्रताप सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जिले के तीनों विकासखंडों में सक्रिय रूप से विस्तार देने तथा टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों से जुड़े विषयों को संगठित रूप से उठाने पर भी चर्चा हुई।

Related Post