सेवा संकल्प अभियान के तहत संकुल स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
नेवसा में प्रतिभाओं ने दिखाई कला और वक्तृत्व क्षमता, विभिन्न वर्गों में छात्र-छात्राओं ने हासिल किए प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान
आशीष श्रीवास/ नेवसा, गौरेला (GPM), 19 सितंबर 2026

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संकुल केंद्र नेवसा के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों में विद्यालय स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, वहीं चित्रकला के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को रंगों के जरिए अभिव्यक्त किया

प्रतियोगिता के पूर्व माध्यमिक एवं माध्यमिक स्तर की भाषण प्रतियोगिता में करण ने प्रथम, देवानंद ने द्वितीय तथा कुमारी रिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में कुमारी पार्वती प्रथम, कुमारी नेहा सारीवान द्वितीय तथा वीरेंद्र तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं हायर सेकेंडरी स्तर की भाषण प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा की कुमारी साक्षी यादव ने प्रथम, कुमारी आयुषी विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा कुमारी शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में विकास कुमार ने प्रथम, अमित धुर्वे ने द्वितीय तथा कुमारी पुष्पा परस्ते ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री शिवनाथ बघेल ने की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नेवसा की सरपंच श्रीमती समरिया नागेश, पूर्व जनपद पंचायत गौरेला की अध्यक्ष सुश्री ममता पैकरा, नेवसा पंचायत के पूर्व सरपंच श्री दीनदयाल नागेश, शाला प्रबंधन समिति नेवसा की अध्यक्ष श्रीमती अनीता यादव, एसएमसी सदस्य श्री मोहित राम सेंगर एवं श्री तेरस राम विश्वकर्मा सहित संकुल से आए प्रभारी शिक्षक श्री गौरव मिश्रा, श्री राजेलाल नासरी, श्रीमती हनुमते, श्री श्रीवास तथा नेवसा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य श्री हंसराज भार्गव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्री पवन पैकरा ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों में प्रतिभा, रचनात्मकता और सेवा भाव जैसे संस्कारों को विकसित करने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन में विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुनील पांडे एवं श्री संजय सिंह राजपूत ने किया। वहीं सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी श्री हरिशंकर शर्मा के सफल संयोजन में कार्यक्रम व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
