शासकीय प्राथमिक शाला बड़ेउसरी में शिक्षिका की अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने दी स्कूल में ताला जड़ने की चेतावनी, कलेक्टर से की शिकायत

कोंडागांव, 26 अक्टूबर 2026। जिले के ग्राम पंचायत जोबा के ग्रामीणों ने शासकीय प्राथमिक शाला बड़ेउसरी में पदस्थ प्रधान अध्यापिका वंदना दुबे के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को आवेदन सौंपकर शिक्षिका को हटाने और उनके स्थान पर दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की है।

Uploaded Image

आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रधान अध्यापिका 22 अक्टूबर 2026 को शाला प्रबंधन विकास समिति एवं पालकों की बैठक के दौरान स्कूल पहुंचीं, लेकिन उनकी उपस्थिति के संबंध में कोई लिखित सूचना उपलब्ध नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षिका के अनुपस्थित रहने को लेकर पहले भी कई बार समझाइश दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

Uploaded Image

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि अब तक पालक-बालक बैठक आयोजित नहीं की गई है और पालकों से ऊंची आवाज में बात करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उनका कहना है कि बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल समय में मोबाइल फोन पर व्यस्त रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्कूल में एक ही शिक्षक होने के कारण उनकी अनुपस्थिति का सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ता है।

Uploaded Image

ग्रामीणों ने अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्कूल में नियमित अध्यापन सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण स्कूल में ताला जड़ने के लिए मजबूर होंगे।

 

हालांकि, शिक्षिका पर लगाए गए आरोपों के संबंध में उनका पक्ष सामने नहीं आया है।

Related Post