कोंडागांव, 19 अगस्त 2026। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ पात्र विद्यार्थियों को समय पर दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों से आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों के परीक्षण और पात्र प्रकरणों की समय-सीमा में स्वीकृति की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को छात्रवृत्ति से संबंधित प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में विभिन्न संस्थानों में स्वीकृत सीटों के विरुद्ध प्रवेशित विद्यार्थियों की संख्या की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने रिक्त सीटों पर नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेन्द्र तिवारी सहित महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
