कोंडागांव, 16 अगस्त 2026। थाना उरंदाबेड़ा पुलिस द्वारा बालिका छात्रावास उरंदाबेड़ा में जन चौपाल के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करना तथा छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” के तहत प्रतिभागियों को लिंक के माध्यम से अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में फोटो लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। हॉस्टल की नगर सैनिक प्रतिमा यादव ने क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अभियान में सहभागिता की। व्हाट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से भी अभियान का लिंक साझा कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने महिला एवं बाल अपराध, लैंगिक अपराध, महिलाओं की सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, नवीन कानून तथा अपराध की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी। साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा नहीं करने, अनजान लोगों से व्हाट्सऐप कॉल से सावधान रहने और लॉटरी या करोड़पति बनाने के झांसे में नहीं आने की अपील की गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना दें। साथ ही गांव में किसी संदिग्ध अथवा अनजान व्यक्ति के आने पर पुलिस को जानकारी देने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अवैध प्रवासी होने के संदेह की स्थिति में पुलिस को सूचना देने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
