अरनब चक्रवात से हुई फसल क्षति का किया जा रहा सर्वेक्षण

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दें सूचना

सक्ती, 31 अक्टूबर 2026// जिले में विगत दिनों में अरनब चक्रवात के कारण विभिन्न स्थानों पर फसलों में क्षति की सूचना प्राप्त हुई है। कलेक्टर सक्ती द्वारा सभी एस डी एम, तहसीलदार, कृषि विभाग सहित संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को वास्तविक फसल क्षति का आकलन कर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा और बीमा का लाभ दिलाने हेतु निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, ग्राम सचिवों एवं कोटवारों को प्रभावित ग्रामों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 का जमीनी स्तर पर सूचना देने हेतु प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। बीमित कृषक फसल क्षति की स्थिति में टोल फ्री नंबर पर 72 घंटे के भीतर सूचना दे सकते हैं।

सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी के प्रतिनिधि एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर फसल क्षति का सर्वेक्षण करेंगे। यदि फसल कटने के उपरांत खेतों में सुखाने के लिए रखी गई या बंडलों में सुरक्षित रखी गई फसल क्षतिग्रस्त हुई हो, तो क्षति का आकलन कर नियमानुसार 15 दिवस के भीतर दावा भुगतान किया जाएगा। वहीं खड़ी फसलों की क्षति का आकलन फसल कटाई प्रयोग के औसत उपज के आधार पर किया जाएगा।

 

       कृषि उत्पादन आयुक्त छत्तीसगढ़ शासन और कलेक्टर सक्ती के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि सक्ती द्वारा विकासखंड मालखरौदा के ग्राम बंदोरा, पोता एवं करिगांव में कृषकों के फसल क्षति का सर्वेक्षण किया गया। उप संचालक कृषि सक्ती द्वारा कृषकों को खेतों से जल निकासी की अतिशीघ्र व्यवस्था कर जल निकास करने की सलाह दी गई एवं बीमित कृषकों को टोल फ्री नंबर 14447 पर सही एवं वास्तविक सूचना देने हेतु जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विभाग के मैदानी अमलों को जिले के कृषकों से सतत संपर्क कर फसल क्षति का सर्वेक्षण करने हेतु निर्देश दिए गए हैं।

इस मौके पर सरपंच बंदोरा, सरपंच ग्राम करिगांव, जिला प्रतिनिधि बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड मालखरौदा, कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। इसी प्रकार विकासखंड डभरा के ग्राम पुटीडीह, भेड़ीकोना एवं गोबरा में कृषकों के फसल क्षति का सर्वेक्षण किया गया। मौके पर ग्राम सरपंच, जिला प्रतिनिधि बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड डभरा, कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Related Post