संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का हुआ भव्य स्वागत, मारागांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश

मांकडी/ कोंडागांव, 2 जुलाई 2026 | कोंडागांव जिला अंतर्गत विकासखंड माकड़ी के संकुल केंद्र मारागांव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पालकों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा पाठ्यपुस्तकों एवं शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखते ही बन रही थी।

Uploaded Image

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य अंगद राम पटेल ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने सभी पालकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने में सहयोग करने की अपील की।

Uploaded Image

संकुल समन्वयक रामदेव कौशिक ने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के लिए शिक्षक, पालक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने संकुल के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अन्य क्षेत्रों के बच्चे भी यहां के विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं। उन्होंने पालकों से समय पर बच्चों का प्रवेश कराने और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया। शाला प्रवेश उत्सव के प्रति ग्रामीणों और पालकों का उत्साह भी देखने को मिला। ग्रामीणों ने स्वप्रेरणा से एकत्र होकर सभी के लिए खीर-पूरी सहित सामूहिक भोजन की व्यवस्था की, जिसने कार्यक्रम को सामाजिक सहभागिता का स्वरूप प्रदान किया।

 

इस अवसर पर जनपद सदस्य अंगद पटेल, सरपंच श्रीमती संतबती नेताम, सोमारु राम नेताम, हरिचंद पोयाम, मेहतू राम नेताम, अमल सिंह, चैतराम पोयाम, मंगूराम मरकाम, सुबस नेताम, धनीराम मंडावी, रामलाल नेताम (सीएसी), अमिताभ मिश्रा, महेश पटेल, बुद्धूराम सोरी, मनीराम नेताम, काश्मीर तिर्की, भरत देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Post