कोंडागांव, 15 सितंबर 2026। हरितालिका तीज पर्व जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और घर में सुख-शांति की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने नए वस्त्र एवं आभूषण धारण कर विधि-विधान से भगवान महादेव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।
तीज के अवसर पर महिलाओं ने नदियों एवं जलस्रोतों के किनारे बालू से शिवलिंग का निर्माण कर पूजा की। इसके बाद भगवान गणेश की भी आराधना की गई और परिवार की खुशहाली तथा सभी कार्य निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार यह व्रत 24 घंटे तक निर्जला रखा जाता है। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। शाम से ही पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की भीड़ रही। कई महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा कर पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया।
