30 फीट ऊंची दही हांडी रही आकर्षण का केंद्र, विजेता टीम को मिला 3100 रुपये का नगद पुरस्कार
अवास कैवर्त/गौरेला पेंड्रा मरवाही
मरवाही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मरवाही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रटगा राजड़ी में युवा समिति के तत्वावधान में दही हांडी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा आयोजन भक्तिमय एवं उत्सव के माहौल में संपन्न हुआ।
आयोजन का मुख्य आकर्षण करीब 30 फीट ऊंचाई पर बांधी गई दही हांडी रही। हांडी फोड़ने के लिए विभिन्न युवा टीमों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवाओं ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर रोमांच का माहौल बना रहा।
दही हांडी प्रतियोगिता में विजेता टीम को जिला पंचायत सदस्य राजेशनंदनी जी की ओर से 3100 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें 1000-1000 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई।
सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजेशनंदनी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला उत्सव है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और समाज के लोगों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस तरह के आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।
बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच देववती आर्मो, सरपंच पति भागवत आर्मो, जनपद सदस्य रजनी भानु, पूर्व सरपंच हुकूमचंद अमलेश, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संजय राय, बूथ अध्यक्ष आनंद करियाम, युवा मोर्चा मंडल सदस्य विक्रम, युवा मोर्चा मंडल महामंत्री अवधेश अहिरेश, गोपाल सिंदराम, महामंत्री एवं बूथ अध्यक्ष अनिल खुसराम, संजय अमलेश एवं पूरन अमलेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। दही हांडी प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लिया और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आनंद लिया।
आयोजन के समापन पर युवा समिति की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागी टीमों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया
