गणेश उत्सव को लेकर कोरबा पुलिस की तैयारी, समितियों और डीजे संचालकों को निर्देश

Anp News Live Korba गणेश चतुर्थी एवं आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गणेश समितियों, पंडाल आयोजकों और डीजे संचालकों की अलग-अलग बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने आयोजकों को कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण तथा प्रतिमा विसर्जन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में गणेश समितियों और पंडाल आयोजकों से पंडाल परिसर तथा आसपास CCTV कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को कहा गया। पंडाल में पर्याप्त क्षमता का फायर एक्सटिंग्विशर रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने विद्युत कनेक्शन और वायरिंग की जांच सक्षम विद्युतकर्मी से कराने के निर्देश दिए। लूज वायर, खुले तार और असुरक्षित विद्युत कनेक्शन को तत्काल व्यवस्थित करने को कहा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही पंडालों की स्थापना इस प्रकार करने की हिदायत दी गई कि आम नागरिकों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न हो।

निर्धारित स्थल पर ही होगा प्रतिमा विसर्जन

गणेश समितियों को स्थापना से लेकर विसर्जन तक सभी कार्यक्रमों का समय पहले से निर्धारित करने और पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया। नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा तय विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने की स्पष्ट हिदायत दी गई। रात्रि में विसर्जन से बचने तथा निर्धारित मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई।

पुलिस ने समितियों से कहा कि विसर्जन के दौरान यातायात बाधित न हो और कार्यक्रम समय पर पूरा किया जाए। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया।

डीजे संचालकों को ध्वनि सीमा और समय का पालन करने के निर्देश

गणेश उत्सव के दौरान डीजे संचालन को लेकर संचालकों की पृथक बैठक ली गई। उन्हें निर्धारित डेसिबल सीमा में ही डीजे बजाने तथा ध्वनि प्रदूषण से संबंधित सभी नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने अथवा तय समय-सीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गणेश पंडालों से दिया जाएगा साइबर जागरूकता का संदेश

कोरबा पुलिस ने गणेश समितियों को “साइबर जागृति अभियान” से जोड़ने की पहल भी की है। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से अपील की कि गणेश उत्सव को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बनाया जाए। इसके लिए प्रत्येक पंडाल में साइबर जागरूकता अभियान का पोस्टर लगाने और साइबर ठगी से बचाव संबंधी संदेश प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया गया।

पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी KYC, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी, संदिग्ध लिंक और फर्जी फाइलों से बचाव की जानकारी देने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समितियों से अपील की गई कि वे साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

नशे से दूर रहकर मनाएं उत्सव

पुलिस ने गणेश पंडालों और विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कर उपद्रव करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी। आयोजकों को पंडाल परिसर में नशे का सेवन नहीं होने देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।

कोरबा पुलिस ने सभी गणेश समितियों, डीजे संचालकों और नागरिकों से शांतिपूर्ण, अनुशासित, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव मनाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात बाधित करने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने या सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस का संदेश है—“आस्था के साथ सुरक्षा, उत्सव के साथ जागरूकता। साइबर जागृति से जुड़ें और सुरक्षित कोरबा बनाएं।”

 

Related Post