बुधवार, 02 सितंबर 2026। भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि को पूरे कोंडागांव शहर में हलषष्ठी यानी कमरछठ का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर तहसील पारा शिवमंदिर परिसर सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में माताओं और बहनों ने एकत्रित होकर अपनी संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए उपवास रखा और पूजा-अर्चना की।
इस वर्ष भी कोंडागांव में इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आज बुधवार की सुबह से ही माताओं ने व्रत के नियमों का पालन करते हुए पूजा की तैयारी शुरू कर दी थी। सभी ने सामूहिक रूप से पूजा-स्थलों पर पहुंचकर छठ माता की पारंपरिक पूजा की और व्रत कथा सुनी। इस पूजा में बिना हल से जुती हुई फसलों जैसे पसहर चावल और भैंस के दूध का विशेष रूप से उपयोग किया गया।
तहसील पारा शिव मंदिर पहुंचे महिलाओं ने जानकारी देते हुए बताया कि यह व्रत सदियों से चला आ रहा है और वे हर साल इसे पूरी श्रद्धा के साथ रखती हैं। उन्होंने कहा, "यह पर्व हमारे बच्चों के लिए है। हम व्रत रखकर भगवान बलराम और छठ माता से प्रार्थना करते हैं कि हमारे बच्चे हमेशा स्वस्थ रहें और उनका जीवन सुखमय हो।"
इस पर्व को लेकर पूरे कोंडागांव में एक भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल रहा।
