‘श्री अयोध्या रामलला दर्शन’ योजना के तहत 49 दर्शनार्थियों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
आशीष श्रीवास / गौरेला पेंड्रा मरवाही
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 9 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की महत्वाकांक्षी ‘श्री अयोध्या रामलला दर्शन’ योजना के अंतर्गत बुधवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से 49 दर्शनार्थियों का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। जिला कलेक्ट्रेट परिसर से दर्शनार्थियों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। दर्शनार्थियों में प्रभु श्री रामलला के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह एवं उमंग नजर आई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने दर्शनार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को प्रभु श्री रामलला के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन करना प्रत्येक सनातनी के लिए आस्था और गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावते, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजा उपेंद्र बहादुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती श्याममढ़ी राठौर, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेश के सहयोजक श्री बृजलाल सिंह राठौर सहित जिला पंचायत एवं तीनों जनपद पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

दर्शनार्थियों को रवाना करते समय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरों पर अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्री रामलला के दर्शन करने की खुशी स्पष्ट दिखाई दी। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा दर्शनार्थियों की यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
‘श्री अयोध्या रामलला दर्शन’ योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम जाकर भगवान श्री रामलला के दर्शन का अवसर मिल रहा है। जिले से रवाना हुए 49 दर्शनार्थियों ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना उनके लिए जीवन का एक अविस्मरणीय अनुभव होगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रभु श्री राम छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं। अयोध्या धाम में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। प्रदेश सरकार की इस योजना से आमजन को रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने “जय जय श्री राम” के जयघोष के साथ दर्शनार्थियों को विदाई दी और प्रभु श्री राम से सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा तथा अयोध्या धाम में उनके सफल दर्शन की प्रार्थना की।
