कोरबा। सावन के तृतीय सोमवार के अवसर पर प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम, कनकी में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान कनकेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कनकी मेन रोड पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया।
दूर-दूर से पहुंचे कांवड़िए और शिवभक्त हसदेव नदी से जल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने कनकेश्वर धाम पहुंचे। इस दौरान पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने के कारण कनकी मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई जगह वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं और लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के अनुसार, सावन के सोमवार को कनकी धाम में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन तृतीय सोमवार को भीड़ काफी अधिक देखने को मिली।
भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था संभालने के प्रयास किए गए। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान तैनात रहे।
आस्था और भक्ति के इस माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान कनकेश्वर महादेव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। सावन के तृतीय सोमवार पर कनकी धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर इस धार्मिक स्थल की आस्था और महत्ता को प्रदर्शित किया।
