फरसगांव के छात्रावासों में चला साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय

फरसगांव/कोंडागांव, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेश को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत फरसगांव पुलिस ने आदर्श एवं एकलव्य विद्यालय के छात्रावासों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

Uploaded Image

जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।

Uploaded Image

कार्यक्रम में “साइबर जागृति की एक सेल्फी” अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में फोटो ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। साथ ही व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

Uploaded Image

पुलिस ने विद्यार्थियों को इनाम जीतने, लॉटरी, बिना ब्याज के लोन, नौकरी लगाने, ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने जैसे झांसे देकर की जाने वाली ऑनलाइन ठगी के साथ-साथ डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, म्यूल सिम और बैंक अकाउंट के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी।

Uploaded Image

अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

Uploaded Image

पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

Related Post