कोंडागांव, 16 अगस्त 2026। भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार राज्य पुरस्कार रोवर जांच परीक्षा 2026 के पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिविर में शामिल होने के लिए कोंडागांव जिले से 31 सदस्यीय टीम रविवार को राजधानी रायपुर के राज्य प्रशिक्षण केंद्र झांकी के लिए रवाना हुई।
जिला संरक्षक एवं कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना तथा जिला आयुक्त गाइड एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान के निर्देश और जिला संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती संजना हरमीट एवं जिला सचिव चमन लाल सोरी के मार्गदर्शन में टीम को रवाना किया गया। जिला सचिव चमन लाल सोरी ने बताया कि राज्य स्तरीय शिविर में शामिल होने वाले रोवर का चयन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिपावंड में आयोजित तीन दिवसीय पूर्व जांच शिविर के माध्यम से किया गया।

चयनित 30 रोवर प्रभारी पुरुषोत्तम निषाद के नेतृत्व में राज्य स्तरीय पांच दिवसीय जांच शिविर में शामिल होंगे। टीम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मालगांव से 3, चिपावंड से 5, दहीकोंगा से 6, मर्दापाल से 4, गोलावंड से 4, भंडारसिवनी से 3, आलोर से 1, पिपरा से 4 तथा खालेमुरवेंड से 1 प्रभारी सहित कुल 31 सदस्य शामिल हैं।

राज्य स्तरीय शिविर में रोवरों की स्काउटिंग दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं विभिन्न गतिविधियों के आधार पर राज्य पुरस्कार रोवर जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी। कोंडागांव की टीम के रवाना होने पर स्काउट एवं गाइड संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
