अवैध खैर लकड़ी परिवहन करते ट्रक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़

अवैध खैर लकड़ी परिवहन करते ट्रक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 

अवैध खैर कटान और लकड़ी परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ट्रक से अवैध खैर की लकड़ी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उप वन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत और सहायक वन संरक्षक बंसी दिलीप सिंह गोड़ के निर्देशन में, क्षेत्रीय वन अधिकारी रामलाल भील के नेतृत्व में गठित टीम ने सुबह गश्त के दौरान दिगन नागलिया मोड़ के पास से एक ट्रक को संदिग्ध हालात में प्रतापगढ़ की ओर जाते देखा।

शंका होने पर टीम ने राजकीय वाहन से ट्रक का पीछा किया और सूचना देवगढ़ स्टाफ को दी। इस पर ग्यासपुर घाटा चौराहे पर बैरिकेट्स लगाकर नाकाबंदी की गई और ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में तिरपाल के नीचे खैर की लकड़ी भरी मिली।

वाहन चालक से पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर राजस्थान वन अधिनियम 1953 के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रक को जब्त किया गया और धरियावद परिसर में सुरक्षित रखा गया।

जप्त ट्रक आईसर (नं. MP-28-G-7886) का चालक सलमान खान पुत्र मुन्ना खान निवासी धुंधरका जिला मंदसौर (म.प्र.) तथा उसका साथी मोहम्मद रफीक मेव पुत्र मोहम्मद इसाक मेव निवासी नयापुरा मोहल्ला जिला मंदसौर (म.प्र.) को गिरफ्तार किया गया है।

प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी गई है। कार्रवाई में वनपाल प्रमोद तेली, सहायक वनपाल महेन्द्र सिंह चचेड़, वनरक्षक भेरूलाल गायती, गोविन्द गवारिया, महेन्द्र सिंह सोलंकी, विजय सिंह सहित विभागीय टीम मौजूद रही।।

Related Post