कोंडागांव, 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती, कलार समाज महोत्सव एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन-लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।
इन विकास कार्यों में जामगांव स्थित 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। इससे केशकाल क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही 185 गांवों और 51 हजार 726 बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। किसानों को लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
