730 किसानों की उपज का होगा प्रसंस्करण और आकर्षक पैकेजिंग, बिहान की स्वसहायता समूह की महिलाएं संभालेंगी विपणन की जिम्मेदारी
कोंडागांव, 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को जिले के ग्राम धनोरा से ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। इस पहल से जिले के सुदूर वनांचल ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों द्वारा परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को नई बाजार पहचान मिलेगी। किसानों की उपज का प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर इसे विशेष ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और बिचौलियों पर निर्भरता कम करना है। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी के माध्यम से धान का संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन किया जाएगा।
इन गांवों के किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के पारंपरिक पद्धति से धान का उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन बाजार तक सीमित पहुंच के कारण उन्हें उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब ब्रांडिंग और संगठित बाजार व्यवस्था से जुड़ने के बाद किसानों को अपनी उपज के मूल्य संवर्धन का लाभ मिलेगा और आय बढ़ाने के नए अवसर खुलेंगे।
इस पूरी प्रक्रिया में बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूह की महिलाएं अहम भूमिका निभाएंगी। महिलाएं धान की प्रोसेसिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी संभालेंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के जरिए जिले की पारंपरिक कृषि विरासत को एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में पहचान दिलाने की पहल की गई है। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार में बेहतर स्थान मिलने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
