मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण, 51 हजार 726 उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
कोंडागांव, 23 नवम्बर 2026। केशकाल क्षेत्र में लंबे समय से बनी बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से अब राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को धनोरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम जामगांव में 35 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से केशकाल और बड़े राजपुर विकासखंड के 185 गांवों के 51 हजार 726 बिजली उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

इस उपकेंद्र से केशकाल विकासखंड के 121 और बड़े राजपुर विकासखंड के 64 गांवों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर सिंचाई के लिए विद्युत पंप चलाने में किसानों को दिक्कतें होती थीं।

नए विद्युत उपकेंद्र के संचालन से बिजली की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार होगा। इससे किसानों को सिंचाई कार्यों में सहूलियत मिलने के साथ ही ग्रामीण परिवारों, छोटे व्यवसायों और अन्य गतिविधियों को भी बेहतर बिजली सुविधा मिल सकेगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनोरा में आयोजित राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती एवं कलार समाज महोत्सव के अवसर पर जिले में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के कुल 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, विधायक लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थि
त रहे।
