मुख्यमंत्री ने कहा- समाज के हर वर्ग की उन्नति से ही बनेगा समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़, कलार समाज की एकता और गौरवशाली इतिहास की सराहना की
कोंडागांव, 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती एवं कलार महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। समाज के हर वर्ग की उन्नति से ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कलार समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का शासन रहा। आज समाज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समाजजनों से एकजुटता, शिक्षा और सामाजिक समरसता के साथ प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं।

बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे और विकास के प्रयासों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर को शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा देने का काम किया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वस्थ बस्तर योजना के तहत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है तथा 40 हजार से अधिक लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया है। दूरस्थ गांवों तक राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनसे करीब 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कलार समाज के ऐतिहासिक योगदान और सामाजिक समरसता की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज शिक्षा, संगठन और एकजुटता के साथ आगे बढ़े। साथ ही प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान की प्रशंसा की।
कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धनोरा पहुंचकर स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा-अर्चना कर जनजातीय समाज की आस्था और परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट किया। वहीं केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने क्षेत्र में विकास कार्यों और विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण के लिए सरकार ने 32 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए, जिससे इसका निर्माण पूरा हो सका।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, कलार समाज बस्तर संभाग के अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
