कोंडागांव, 23 नवम्बर 2026। जिले के दूरस्थ अंचल धनोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को ग्राम धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अब ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूरस्थ स्थानों या जिला मुख्यालय तक जाने की परेशानी कम होगी। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष राहत मिलेगी। वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में धनोरा और आसपास के गांवों के लोगों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से दूरस्थ ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जिले में कुल 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास
भी किया।
