तंत्र-मंत्र के नाम पर तिहरा हत्याकांड, 5 लाख को ढाई करोड़ बनाने का झांसा देकर तीन लोगों की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

थाना उरगा क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का कोरबा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तंत्र-मंत्र के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का लालच देकर तीन व्यक्तियों की निर्मम हत्या किए जाने का यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ था। विशेष जांच टीम की सतर्कता और सघन विवेचना के बाद पुलिस ने इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

11 दिसंबर 2025 को ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन लोगों की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में विशेष जांच दल गठित कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।

 

जांच में सामने आई साजिश

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये में बदलने का झांसा देकर नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू को ग्राम कुदरी स्थित फार्म हाउस में बुलाया था।

 

10 दिसंबर की रात आरोपी अपने साथ नायलॉन की रस्सी, नींबू, नारियल, अगरबत्ती और अन्य तांत्रिक सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुँचा। तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया का नाटक करते हुए उसने एक-एक कर तीनों को कमरे के भीतर बुलाया।

 

 एक-एक कर की गई हत्या

 

पुलिस के अनुसार, पहले नितेश रात्रे को कमरे में बैठाया गया और बाहर खड़े सह-आरोपियों की मदद से नायलॉन रस्सी से उसका गला घोंट दिया गया। इसी तरीके से असरफ मेमन और सुरेश साहू की भी हत्या की गई। तीनों की मृत्यु दम घुटने से हुई।

 

घटना के बाद मृतकों को उपचार के बहाने अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण नायलॉन रस्सी से गला घोंटना (Asphyxia due to ligature strangulation) तथा मृत्यु की प्रकृति हत्या पाई गई।

 

 बड़ी बरामदगी, 6 आरोपी गिरफ्त में

 

मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 544/2025 धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से—

नायलॉन रस्सी

तंत्र-मंत्र सामग्री

मोबाइल फोन

मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार

नगद 5 लाख रुपये

सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

 

पुलिस का कहना है कि यह मामला अंधविश्वास और लालच के घातक परिणामों का उदाहरण है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post