बड़े राजपुर/कोंडागांव, 21 सितंबर 2025: कोंडागांव जिले के बड़ेराजपूर ब्लॉक के रावसवाही गांव में शनिवार रात एक स्थानीय कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 10 बजे तेज आंधी और तूफान के बीच मैच स्थल पर लगे टेंट पर 11 केवी का हाई वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा।
हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से टेंट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इनमें से तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें कोंडागांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य लोग भी मामूली रूप से झुलसे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि मैच आयोजन स्थल के ऊपर से हाई वोल्टेज तार गुजरना पहले से ही खतरे का संकेत था, जिसकी अनदेखी की गई।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को आकस्मिक आपदा के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
