रायगढ़ में दो दवा दुकानों को चोरों ने बनाया निशाना, डेढ़ लाख रुपए की चोरी — पुलिस गश्त पर उठे सवाल

रायगढ़-शहर में चोरी की घटनाएं एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने गांधीगंज क्षेत्र स्थित दो होलसेल दवा दुकानों—प्रगति इंटरप्राइजेज और प्राची मेडिकोज—का ताला तोड़कर गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी पार कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

◼ घटना कैसे हुई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल एसपी ऑफिस से महज 100 कदम की दूरी पर स्थित है। रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद प्रगति इंटरप्राइजेज के संचालक सांवरिया गोयल तथा प्राची मेडिकोज के संचालक बसंत अग्रवाल अपने घर चले गए थे।

सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि दोनों दुकानों के शटर टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि—

प्रगति इंटरप्राइजेज से करीब 1 लाख रुपए

प्राची मेडिकोज से लगभग 65 हजार रुपए चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं।

◼ अन्य दुकानों में भी चोरी की कोशिश

सूत्रों के अनुसार, चोरों ने आसपास स्थित अन्य दुकानों का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वे केवल दोनों दवा दुकानों से चोरी कर फरार हो गए।

◼ कैमरे में कैद हुई चोरी

फॉरेंसिक टीम और पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में तीन चोर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने सुबह करीब 4 बजे वारदात को अंजाम दिया है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

◼ पुलिस गश्त पर उठने लगे सवाल

शहर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कभी बाइक चोरी, तो कभी दुकानों में सेंधमारी… कोतवाली क्षेत्र में बढ़ते अपराधों से लोग चिंतित हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड बढ़ने के साथ ही रात्रि गश्त बेहद कम हो गई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। कुछ माह पहले अशर्फी देवी चिकित्सालय के सामने भी चोरी की वारदात हुई थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई से लोगों को संतोषजनक परिणाम नहीं मिले।

◼ पुलिस जांच जारी

कोतवाली पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। वहीं दुकानदारों व व्यापारियों ने मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।

Related Post