30 हजार बच्चों को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण देने वाले सुब्रत साहा 'अनसंग हीरो अवार्ड' से सम्मानित

कोण्डागांव, 31 जुलाई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के बस्तर संभाग प्रभारी एवं कोण्डागांव जिला संरक्षक सुब्रत साहा को समाज सेवा और युवाओं के मार्गदर्शन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'अनसंग हीरो अवार्ड' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 29 जुलाई 2026 को जगदलपुर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित समारोह में, पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी की प्रेरणा से घोषित किया गया। जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने सुब्रत साहा को शॉल ओढ़ाकर एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

 

सुब्रत साहा को यह सम्मान कोण्डागांव जिले में लगभग 30 हजार से अधिक बच्चों को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण और उत्कृष्ट मार्गदर्शन देने के लिए प्रदान किया गया। सम्मान ग्रहण करने के बाद उन्होंने इसका श्रेय अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्र की जनता को देते हुए भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों के प्रति आजीवन समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।

 

इस अवसर पर परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने सुब्रत साहा को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान कोण्डागांव और पूरे बस्तर संभाग के लिए गर्व की बात है। समारोह में उनकी धर्मपत्नी ममता साहा, पुत्री सुष्मिता साहा तथा परिषद के सदस्य श्रीकांत तिवारी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Related Post