कलेक्टर विजय दयाराम के मुख्य आतिथ्य में छात्रावास अधीक्षक संघ ने मनाया स्थापना दिवस, आदिवासी बच्चों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री

आशीष श्रीवास | गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

गौरेला। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की जिला इकाई गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा संघ का स्थापना दिवस बैगा बसाहट क्षेत्र स्थित बालक आश्रम देवरगांव में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

स्थापना दिवस के अवसर पर आदिवासी एवं विशेष रूप से बैगा समुदाय के बच्चों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए नियमित छात्रावास अधीक्षक संवर्ग द्वारा स्कूल बैग, वाटर बॉटल, स्पोर्ट्स किट एवं ट्रैक सूट का वितरण किया गया। कलेक्टर विजय दयाराम ने बच्चों को सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त गोपेश मनहर, जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा तथा देवरगांव की सरपंच बिरासिया बाई ने भी बच्चों को सामग्री वितरित की। अतिथियों ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। छात्रावास अधीक्षक संघ शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतर जीवन की प्रेरणा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष उदेश सिंह तोमर ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ का स्थापना दिवस प्रदेश के सभी जिलों में सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संघ कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निरंतर निर्वहन कर रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि स्थापना दिवस की श्रृंखला में 24 जुलाई को जिला अध्यक्ष प्रीतु राज सिंह बिसेन एवं जिला उपाध्यक्ष ईश्वर साहू के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय गौरेला में नियमित छात्रावास अधीक्षकों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया गया तथा भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।

बालक आश्रम देवरगांव के अधीक्षक एवं संघ के जिला कोषाध्यक्ष महेश्वर श्रीवास ने बताया कि आश्रम बैगा बसाहट क्षेत्र में संचालित है, जहां स्वीकृत 50 सीटों में से 23 बच्चे बैगा समुदाय से हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छात्रावास अधीक्षक संघ की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Post