रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: दो चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी व्यवसायी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

 

पुलिस के अनुसार, पहला मामला सुभाष नगर निवासी अभिमन्यु सागर के घर में हुई चोरी का है। परिवार के गांव जाने के दौरान बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर दो गैस सिलेंडर, सोने का हार, चांदी के पायल, किराना एवं अन्य सामान सहित लगभग 90 हजार रुपये की चोरी कर ली थी। वहीं दूसरा मामला भवानी शंकर षडंगी कॉलोनी फेस-1 स्थित एक निर्माणाधीन मकान से करीब 90 हजार रुपये मूल्य के कॉपर केबल, विद्युत पैनल और अन्य बिजली सामग्री चोरी होने का था।

 

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कोतरारोड ओवरब्रिज के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे विवेक सारथी और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने दोनों ही चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

 

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए गैस सिलेंडर और निर्माणाधीन मकान से निकाला गया तांबा श्याम टॉकीज रोड स्थित अल्का स्टील में बेच दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का गैस सिलेंडर, जला हुआ तांबा तार, एक जोड़ी चांदी का पायल तथा वारदात में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

 

पूछताछ में अल्का स्टील के संचालक संजय कुमार नानकानी ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हुई दो महत्वपूर्ण चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है तथा चोरी का अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया गया है।

Related Post